रेवाड़ी में बिजली संकट पर ग्रामीणों ने रेवाड़ी-बावल राेड किया जाम

 


रेवाड़ी, 30 जून (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के गांव छुरियावास और आसपास की ढाणियों में पिछले करीब 24 दिनों से नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार दोपहर बाद रेवाड़ी-बावल रोड पर जाम लगा दिया। अचानक लगाए गए जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 24 दिनों से गांव और आसपास की ढाणियों में बिजली या तो पूरी तरह बंद रहती है या फिर बहुत कम समय के लिए आपूर्ति की जाती है। भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट के कारण लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है। बिजली नहीं मिलने से पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो रही है, जिससे ग्रामीणों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। सबसे अधिक दिक्कत बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और पशुपालकों को उठानी पड़ रही है।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पिछले करीब एक माह से बिजली और पानी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कई बार बिजली निगम के अधिकारियों से शिकायत करने के साथ-साथ ऑनलाइन भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। इससे मजबूर होकर उन्हें सड़क जाम करने का कदम उठाना पड़ा।

जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली निगम के एसडीओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक गांव में नियमित बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल नहीं होती, तब तक वे आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। घंटों तक चले जाम के कारण रेवाड़ी-बावल मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ग्रामीणों से लगातार बातचीत कर समस्या के समाधान का प्रयास कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला