रेवाड़ी में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत

 


ट्रैक्टर छोड़कर चालक फरार, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

रेवाड़ी, 03 अगस्त (हि.स.)। शहर के झज्जर रोड स्थित पुष्प वाटिका के सामने सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। मृतकों की पहचान राजस्थान के बहरोड़ जिले के कांकर गांव निवासी करीब 18 वर्षीय किशन तथा गुरुग्राम जिले के दादावास गांव निवासी करीब 50 वर्षीय नरेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार किशन अपने परिवार के साथ रेवाड़ी में पुष्प वाटिका के पास रहता था। सोमवार सुबह वह नरेंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर अपने गांव कांकर जा रहा था। जैसे ही दोनों पुष्प वाटिका से निकलकर झज्जर रोड पर पहुंचे, उसी दौरान झज्जर फ्लाईओवर की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नरेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल किशन को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे भी मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि किशन दो भाइयों में सबसे छोटा था और बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसकी असमय मौत से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला