दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत

 

सालावास के पास पीछे से मारी टक्कर, पुलिस जांच में जुटी।

रेवाड़ी, 18 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के निवासी श्रीभगवान की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार श्रीभगवान शुक्रवार शाम अपनी बाइक से धारूहेड़ा की ओर जा रहा था। जब वह गांव सालावास के समीप हाईवे पर पहुंचा, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला