रेवाड़ीः ट्राले की टक्कर से साइकिल सवार की मौत

 




ट्राला चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस जांच में जुटी

रेवाड़ी, 23 मार्च (हि.स.)। रेवाड़ी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। यह हादसा कोसली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लुखी गांव के पास रविवार देर शाम हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्राले ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार करौली गांव निवासी सज्जन कुमार रविवार को किसी निजी कार्य से लुखी गांव आए हुए थे। देर शाम जब वह साइकिल से वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रहे ट्राले ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सज्जन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने घायल को उठाया और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कोसली थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल भिजवाया। हालांकि, अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, वह ट्राले को वहीं छोड़कर भागा है, जिससे वाहन की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने ट्राले को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। कोसली थाना पुलिस ने बताया कि उन्हें लुखी गांव के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान करौली गांव निवासी सज्जन कुमार के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार ट्राला चालक की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला