रेवाड़ी में पेड़ से लटका मिला 56 वर्षीय व्यक्ति का शव
राहगीरों ने देखा शव, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, सुसाइड नोट नहीं मिला
रेवाड़ी, 21 अगस्त (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के जेनाबाद गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 56 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके खेत में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी भूपेंद्र के रूप में हुई है।
खेत से गुजर रहे राहगीरों ने पेड़ पर शव लटका देखा तो इसकी सूचना आसपास के लोगों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चौकी इंचार्ज विक्रम सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह सूचना मिली थी कि जेनाबाद निवासी भूपेंद्र ने अपने खेत में फांसी लगा ली है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया गया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भूपेंद्र ने खेत में पेड़ पर सीढ़ी लगाकर रस्सी के सहारे फंदा बनाया था। घटनास्थल पर सीढ़ी भी मिली है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की जांच की, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।
चौकी इंचार्ज के अनुसार, भूपेंद्र पेट्रोल पंप पर काम करता था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि वह कथित तौर पर शराब का आदी था। हालांकि, आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, इस संबंध में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला