रेवाड़ीः दौसा स्टेशन पर कार्य के चलते रेवाड़ी से गुजरने वाली कई ट्रेनें रद

 

जयपुर-बांदीकुई रेलखंड पर कार्य के चलते यातायात प्रभावित, यात्रियों को बदलाव के अनुसार योजना बनाने की सलाह

रेवाड़ी, 20 मार्च (हि.स.)। जयपुर-बांदीकुई रेलखंड के दौसा स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण पांच अप्रैल को कई रेलसेवाओं का संचालन प्रभावित रहेगा। इस तकनीकी कार्य के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने शुक्रवार को बताया कि इस दिन गाड़ी संख्या 09635, जयपुर-रेवाड़ी स्पेशल और गाड़ी संख्या 09636, रेवाड़ी-जयपुर स्पेशल रेलसेवा पूरी तरह रद रहेगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 51973, मथुरा-जयपुर रेलसेवा पांच अप्रैल को मथुरा से चलकर केवल अलवर तक ही संचालित होगी। यानी अलवर से जयपुर तक यह ट्रेन रद रहेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 51974, जयपुर-मथुरा रेलसेवा भी आंशिक रूप से प्रभावित रहेगी। यह रेलसेवा जयपुर के स्थान पर अलवर से चलेगी और अलवर-जयपुर स्टेशनों के बीच रद रहेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपने यात्रा मार्ग और समय की जानकारी पहले से सुनिश्चित कर लें। इसके अलावा, टिकट बुकिंग या रिफंड संबंधी जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी स्टेशन पर संपर्क किया जा सकता है। विशेष रूप से, जयपुर-बांदीकुई रेलखंड पर हो रहे नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के तहत सुरक्षा और तकनीकी सुधारों को प्राथमिकता दी जा रही है। इस कार्य का उद्देश्य भविष्य में ट्रेन संचालन को और अधिक सुरक्षित और समयबद्ध बनाना है। रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि कार्य के दौरान संबंधित स्टेशनों पर विशेष सूचना बोर्ड और स्टाफ मौजूद रहेगा, ताकि यात्रियों को मार्ग परिवर्तन और रद्द ट्रेनों की जानकारी तुरंत मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला