रेवाड़ी में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, नहीं हो सकी पहचान
कुंभावास स्टेशन और शिव मंदिर के बीच हादसा, जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
रेवाड़ी, 18 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी शहर में एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। यह घटना रेवाड़ी-दिल्ली रेल मार्ग पर कुंभावास स्टेशन और शिव मंदिर के बीच हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
शनिवार को जांच अधिकारी एसआई सतपाल ने बताया कि दिल्ली से रेवाड़ी की ओर आ रही ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जीआरपी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर पहुंचकर शव की तलाशी ली गई, लेकिन मृतक के पास किसी भी प्रकार का पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर भी युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया गया है। युवक की पहचान के लिए आसपास के पुलिस थानों और गांवों के सरपंचों को सूचना भेजी गई है, ताकि जल्द से जल्द उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला