रेवाड़ी में चने से भरा ट्राला कार पर पलटा, आईटी इंजीनियर समेत चार की मौत

 


रेवाड़ी, 15 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बनीपुर चौक के समीप शनिवार रात चने की बोरियों से भरा ट्राला एक कार पर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के पालम विहार निवासी दीपक अपनी पत्नी दिव्या और बेटे के साथ राजस्थान के सीकर से वापस लौट रहे थे। उनके साथ दिल्ली के सुभाष नगर निवासी नितिन और सरिता भी कार में सवार थे। शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे उनकी कार बनीपुर चौक के पास पहुंची तो साथ चल रहा चने की बोरियों से भरा ट्राला अचानक अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। इससे कार पूरी तरह ट्राले के नीचे दब गई और उसमें सवार पांचों लोग फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्राले को हटवाया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर बावल स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दीपक, उनकी पत्नी दिव्या, नितिन और सरिता को मृत घोषित कर दिया, जबकि बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उपचार शुरू किया गया।

बताया जा रहा है कि दीपक आईटी कंपनी में इंजीनियर था और नितिन का रिश्ते में जीजा लगता था। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। हादसे के कारण हाईवे पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मशक्कत के बाद यातायात सुचारु कराया। पुलिस फरार ट्राला चालक की तलाश के साथ हादसे की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला