रेवाड़ी: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर फिर लगा जाम, दो किलोमीटर सफर दो घंटे में पूरा
मालपुरा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली खराब होने से बिगड़ी व्यवस्था, सर्विस लेन पर वाहनों का दबाव बढ़ा
रेवाड़ी, 22 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर धारूहेड़ा के पास जाम की समस्या वाहन चालकों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है। मंगलवार सुबह मालपुरा के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खराब होने के बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण करीब दो किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहन चालकों को दो घंटे से अधिक समय लग गया। कंपनियों की बसें भी जाम में फंसी रहीं।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि मालपुरा के पास ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते करीब एक किलोमीटर हिस्से में वाहनों को सर्विस लेन से निकाला जा रहा है। मुख्य मार्ग से आने वाले तीन लेन के वाहनों का दबाव सर्विस लेन पर पड़ने के कारण यहां आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। मंगलवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली खराब होने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। वाहन चालकों का आरोप है कि हाल ही में एनएचएआई की ओर से बेस्टेक के पास सड़क को तोड़ दिया गया है। इसके कारण करीब एक किलोमीटर मुख्य मार्ग को बंद कर वाहनों को सर्विस लेन पर डायवर्ट किया जा रहा है। इससे पहले से दबाव झेल रही सर्विस लेन पर यातायात का बोझ और बढ़ गया है।
लोगों का कहना है कि जब तक मालपुरा ओवरब्रिज का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक मुख्य मार्ग को नहीं खोदा जाना चाहिए था। लगातार लग रहे जाम से रोजाना हाईवे से गुजरने वाले कर्मचारियों, कंपनी बसों, स्थानीय लोगों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
वाहन चालकों ने एनएचएआई से निर्माण कार्य के दौरान बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि भारी टोल वसूली के बावजूद हाईवे पर सुचारु यातायात और पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला