दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ट्रॉले ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, सात घायल

 

हादसे में चालक पहिए के नीचे दबा, ट्रॉली पलटने से महिला के सिर में औजार लगे; सभी घायल अलवर निवासी

रेवाड़ी, 12 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर निखरी फ्लाइओवर के पास बुधवार को तेज रफ्तार ट्रॉले ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक और ट्रॉली में सवार दो महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है। सभी घायल अलवर जिले के रहने वाले हैं।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली दिल्ली-जयपुर हाईवे से गुजर रही थी। निखरी फ्लाइओवर के पास पीछे से तेज गति से आए ट्रॉले ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के दौरान ट्रैक्टर चालक राजू (38) पहिए के नीचे दब गया। वहीं, ट्रॉली पलटने के दौरान उसमें रखे औजार बबीता (25) के सिर में जा लगे। दोनों को हादसे में अधिक चोटें आईं।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देने के साथ-साथ घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

सूचना मिलने पर धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों के सहयोग से सभी घायलों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। घायलों में रामपाल, विशाल, राज, काजल और दीपा भी शामिल हैं। धारूहेड़ा थाना एसएचओ कबूल सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और ट्रॉले चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला