रेवाड़ी के स्कूल में चोरी, 10 सोलर बैटरियां ले गए चोर

 


रेवाड़ी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव काकोड़िया स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में चोरों ने दो दिन की छुट्टी के दौरान चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर स्कूल के कमरों के ताले तोड़कर अंदर घुसे और 10 सोलर बैटरियां चोरी कर ले गए। इस दौरान अलमारियों और दराजों के ताले भी टूटे मिले। स्कूल में रखे रजिस्टरों और कंप्यूटर की हार्ड डिस्क से छेड़छाड़ किए जाने का मामला भी सामने आया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

जानकारी के अनुसार, दो दिन की छुट्टी के बाद बुधवार सुबह गांव की सफाई कर्मचारी महिला स्कूल पहुंची तो कमरों के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो अलमारियों और दराजों के ताले भी टूटे हुए थे। उसने तुरंत स्कूल के प्रिंसिपल और सरपंच को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

सरपंच प्रतिनिधि अमन ने बताया कि स्कूल में रखे सभी रजिस्टरों के साथ छेड़छाड़ की गई है। कमरों के अलावा अलमारियों और दराजों के ताले भी टूटे मिले हैं। स्कूल में विद्यार्थियों के प्रवेश, उपस्थिति और अन्य प्रशासनिक कार्यों से संबंधित रिकॉर्ड रजिस्टरों में दर्ज रहता है। ऐसे में रिकॉर्ड के साथ छेड़छाड़ होने से महत्वपूर्ण जानकारी प्रभावित होने की आशंका है।

उन्होंने बताया कि स्कूल में करीब 10 कंप्यूटर रखे हुए थे। चोर कंप्यूटर नहीं ले गए, लेकिन उनकी हार्ड डिस्क के साथ छेड़छाड़ की गई है। इससे डिजिटल रिकॉर्ड को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल स्कूल प्रशासन रिकॉर्ड का मिलान कर रहा है, ताकि पता लगाया जा सके कि किन दस्तावेजों या डिजिटल जानकारियों को प्रभावित किया गया है। पुलिस चोरी के साथ रिकॉर्ड से छेड़छाड़ के पहलू की भी जांच कर रही है। वारदात के पीछे का उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला