रेवाड़ीः टैंकर ने वृद्धा को कुचला, मौके पर ही मौत

 


पानी लेने गया था नाती, सड़क किनारे खड़ी 70 वर्षीय महिला हादसे की शिकार

रेवाड़ी, 16 जून (हि.स.)। जिले के बोलनी गांव स्थित बस स्टैंड पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। सड़क किनारे खड़ी महिला को तेज रफ्तार टैंकर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन सहित फरार हो गया। कसौला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के खैरथल-तिजारा क्षेत्र के गांव बुढ़ी बावल निवासी योगेश ने बताया कि झज्जर जिले के ऐरी गांव की रहने वाली उसकी नानी राजबाला उसके पास रह रही थी। सोमवार शाम वह अपनी नानी को लेकर रेवाड़ी में अपनी बहन से मिलने जा रहा था। रास्ते में राजबाला को प्यास लगी तो वह बोलनी बस स्टैंड पर रुका।

योगेश ने बताया कि उसने सड़क किनारे बाइक खड़ी की और नानी को वहीं खड़ा छोड़कर पास की दुकान से पानी लेने चला गया। इसी दौरान कोटकासिम की ओर से आए एक टैंकर ने राजबाला को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क की तरफ गिर गईं और टैंकर के पिछले पहिए की चपेट में आ गईं। हादसा इतना गंभीर था कि वृद्धा को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक टैंकर लेकर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कसौला थाना पुलिस ने योगेश की शिकायत पर अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला