रेवाड़ी व रींगस के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

 


12 ट्रिप संचालित होंगी, नौ साधारण कोचों से आम यात्रियों को मिलेगी सुविधा

रेवाड़ी, 20 अगस्त (हि.स.)। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने रींगस-रेवाड़ी-रींगस के बीच एक्सप्रेस स्पेशल रेल सेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। विशेष ट्रेन के संचालन से राजस्थान और हरियाणा के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। रेलवे के इस कदम से त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले अतिरिक्त यात्री भार को कम करने में भी मदद मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने गुरुवार को बताया कि गाड़ी संख्या 09715, रींगस-रेवाड़ी एक्सप्रेस स्पेशल के 22, 23, 29, 30 अगस्त तथा 5, 6, 7, 12, 13, 19, 20 और 22 सितंबर को कुल 12 ट्रिप संचालित होंगे ओ दोनों। यह ट्रेन रींगस से रात 11:55 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह चार बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09716, रेवाड़ी-रींगस एक्सप्रेस स्पेशल के 23, 24, 30, 31 अगस्त तथा 6, 7, 8, 13, 14, 20, 21 और 23 सितंबर 2026 को कुल 12 ट्रिप संचालित होंगे। यह ट्रेन रेवाड़ी से रात 8:20 बजे रवाना होकर रात 11:20 बजे रींगस पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार विशेष ट्रेन में कुल 11 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें नौ साधारण श्रेणी के कोच तथा दो गार्ड डिब्बे शामिल होंगे। सामान्य श्रेणी के अधिक कोच होने से यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग राजस्थान और हरियाणा के बीच यात्रा करते हैं। ऐसे में विशेष रेलसेवा शुरू होने से दैनिक यात्रियों के साथ अपने घर जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के समय और संचालन की जानकारी जांचने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला