रेवाड़ी-बीकानेर ट्रेन रद्द, साबरमती से दिल्ली के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन

 


रेवाड़ी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। बीकानेर मंडल के लोहारू-परवेजपुर रेलखंड पर रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) निर्माण के चलते 14 अक्टूबर को रेल यातायात प्रभावित रहेगा। रेलवे की ओर से निर्माण कार्य के लिए ब्लॉक लिया गया है। इसके चलते रेवाड़ी-बीकानेर ट्रेन रद्द रहेगी, जबकि सीकर-रेवाड़ी और रेवाड़ी-जोधपुर रेल सेवाएं आंशिक रूप से रद्द रहेंगी। इसके अलावा हिसार-दिल्ली, दिल्ली-सीकर और दिल्ली-जोधपुर सहित कई ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी। कुछ रेल सेवाओं के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने शुक्रवार को बताया कि गाड़ी संख्या 54789 रेवाड़ी-बीकानेर और 54790 बीकानेर-रेवाड़ी 14 अक्टूबर को रद्द रहेंगी। गाड़ी संख्या 54803 सीकर-रेवाड़ी सीकर से चलकर लोहारू तक जाएगी। लोहारू-रेवाड़ी के बीच यह रद्द रहेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 14824 रेवाड़ी-जोधपुर रेवाड़ी के बजाय लोहारू से संचालित होगी।

गाड़ी संख्या 54310 हिसार-दिल्ली भिवानी-रेवाड़ी होकर चलेगी, जबकि 54309 दिल्ली-हिसार रेवाड़ी-भिवानी-हिसार मार्ग से संचालित होगी। गाड़ी संख्या 14714 दिल्ली सराय-सीकर रेवाड़ी-रींगस-सीकर मार्ग से चलेगी। वहीं, 22421 दिल्ली सराय-जोधपुर रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा-डेगाना मार्ग से संचालित होगी। गाड़ी संख्या 14709 हनुमानगढ़-जयपुर सादुलपुर-चूरू-सीकर मार्ग से चलेगी। 13 अक्टूबर को कोटा से चलने वाली गाड़ी संख्या 19807 कोटा-सिरसा भी सीकर-चूरू-सादुलपुर मार्ग से संचालित होगी।

गाड़ी संख्या 22472 दिल्ली सराय रोहिल्ला-बीकानेर 14 अक्टूबर को निर्धारित समय से एक घंटे देरी से रवाना होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 54703 बठिंडा-जयपुर मार्ग में 30 मिनट नियंत्रित रहेगी। रेलवे ने साबरमती से दिल्ली के लिए एक ट्रिप आरक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 04251 साबरमती-दिल्ली स्पेशल 10 अक्टूबर को रात 10:55 बजे रवाना होकर 11 अक्टूबर को शाम 5:25 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी। यह ट्रेन रेवाड़ी सहित निर्धारित स्टेशनों पर ठहरेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला