रेवाड़ी-रींगस के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

 


अनारक्षित ट्रेन से रेवाड़ी, नारनौल, अटेली और नीमकाथाना के यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

रेवाड़ी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने रेवाड़ी-रींगस के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 09637/09638 रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी एक्सप्रेस स्पेशल दाे, पांच और छह अक्टूबर को दोनों दिशाओं में संचालित होगी। ट्रेन के संचालन से रेवाड़ी के साथ नारनौल, अटेली, नीमकाथाना और मार्ग के अन्य स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने शुक्रवार को बताया कि गाड़ी संख्या 09637 रेवाड़ी-रींगस एक्सप्रेस स्पेशल निर्धारित तिथियों पर रेवाड़ी से सुबह 11 बजे रवाना होगी।

यह ट्रेन विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करते हुए दोपहर 2:20 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09638 रींगस-रेवाड़ी एक्सप्रेस स्पेशल दोपहर 2:55 बजे रींगस से रवाना होकर शाम 6:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। रेवाड़ी से रवाना होने के बाद ट्रेन कुंड, काठूवास, अटेली, नारनौल, अमरपुर जोरासी, निजामपुर, डाबला, मांवडा, नीमकाथाना, कावंट और श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर रुकेगी। इससे इन स्टेशनों के आसपास रहने वाले यात्रियों को रेवाड़ी और रींगस के बीच आवागमन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

रेलवे के अनुसार ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित होगी। इसमें कुल 15 डिब्बे होंगे, जिनमें 13 साधारण श्रेणी के कोच और गार्ड श्रेणी के दो डिब्बे शामिल हैं। यात्री सामान्य टिकट लेकर इस ट्रेन में सफर कर सकेंगे। तीनों ट्रेनें निर्धारित दिनों में दोनों दिशाओं में चलेंगी, जिससे यात्री एक ही दिन रेवाड़ी से रींगस और वापस रेवाड़ी की यात्रा कर सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला