रेवाड़ी: स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ी, त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी राहत

 


मदार-रेवाड़ी दैनिक स्पेशल अब 13 अक्टूबर तक चलेगी, बाद में रोहतक तक विस्तार

रेवाड़ी, 27 अगस्त (हि.स.)। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने मदार-रेवाड़ी-मदार दैनिक स्पेशल रेलसेवा के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिल सकेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्पेशल ट्रेन के संचालन में विस्तार के साथ बाद में इसके मार्ग को रोहतक तक बढ़ाया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने गुरुवार को बताया कि गाड़ी संख्या 09639/09640 मदार-रेवाड़ी-मदार दैनिक स्पेशल रेलसेवा का संचालन मदार से 25 सितंबर से 13 अक्टूबर तक किया जाएगा। रेवाड़ी से भी यह रेलसेवा इसी अवधि में संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 19-19 ट्रिप करेगी।

रेलवे के अनुसार, 13 अक्टूबर के बाद इसी रेलसेवा का मार्ग मदार-रोहतक-मदार के रूप में विस्तारित किया जाएगा। गाड़ी संख्या 09639/09640 का संचालन मदार से 14 अक्टूबर से 30 नवंबर तक किया जाएगा। इसी अवधि में रोहतक से भी यह ट्रेन संचालित होगी। इस चरण में दोनों दिशाओं में 48-48 ट्रिप संचालित किए जाएंगे।

इस स्पेशल रेलसेवा का लाभ महेंद्रगढ़ जिले सहित आसपास के यात्रियों को भी मिलेगा। ट्रेन का ठहराव नारनौल, मंडी अटेली, अमरपुर जोरासी, निजामपुर और बाछौद स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इन स्टेशनों से बड़ी संख्या में यात्री विभिन्न शहरों के लिए आवागमन करते हैं। ऐसे में त्योहारों के दौरान ट्रेन की अवधि बढ़ने और बाद में रोहतक तक मार्ग विस्तार होने से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला