रेवाड़ी-रींगस स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ी, अतिरिक्त ट्रिप संचालित
खाटू श्याम भक्तों को राहत, नारनौल रूट के यात्रियों को भी मिलेगा लाभ
नारनाैल, 04 जून (हि.स.)। राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में ग्रीष्मावकाश के दौरान बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए रेलवे ने रेवाड़ी-रींगस स्पेशल रेलसेवाओं की संचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस फैसले से हरियाणा और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ-साथ बाबा श्याम के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। यह रेलसेवा नारनौल होकर गुजरती है, जिससे इस क्षेत्र के यात्रियों को भी अतिरिक्त सुविधा प्राप्त होगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने गुरुवार को बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन आगे भी जारी रखा जाएगा। रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 09633/09634 रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी स्पेशल रेलसेवा रेवाड़ी से 10 जून, 24 जून और 25 जून को संचालित होगी। वहीं रींगस से यह ट्रेन 11 जून, 25 जून और 26 जून 2026 को चलेगी। इस रेलसेवा में कुल तीन-तीन अतिरिक्त ट्रिप बढ़ाए गए हैं। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09637/09638 रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी स्पेशल रेलसेवा रेवाड़ी से 11 जून और 25 जून को संचालित की जाएगी। वहीं रींगस से भी यह ट्रेन 11 जून और 25 जून को रवाना होगी। इस रेलसेवा में दो-दो अतिरिक्त ट्रिप जोड़े गए हैं। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन समय, मार्ग और ठहराव में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सभी स्टेशन पहले की तरह निर्धारित समय पर ही रहेंगे। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा के अनुसार समय से स्टेशन पहुंचें।
रेलवे के इस निर्णय से रेवाड़ी, नारनौल, महेंद्रगढ़ और रींगस रूट पर सफर करने वाले हजारों यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। खासकर खाटू श्याम धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह व्यवस्था भीड़भाड़ के समय में राहत देने वाली साबित होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला