रेवाड़ी के बावल औद्योगिक क्षेत्र की सोलर फैक्ट्री में लगी भीषण आग
दर्जनभर दमकल गाड़ियां ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
रेवाड़ी, 07 मई (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के बावल औद्योगिक क्षेत्र स्थित यूटीएल सोलर फैक्ट्री में बुधवार रात भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते आग की लपटों ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार फैक्ट्री के समीप लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में अचानक धमाका हुआ, जिसके बाद आग फैक्ट्री तक फैल गई। हालांकि प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 20 कर्मचारी मौजूद थे। आग लगते ही कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग तेजी से फैलने के कारण फैक्ट्री में रखा सामान जलकर खाक हो गया। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फायर ब्रिगेड की करीब एक दर्जन से अधिक गाड़ियां पिछले 12 घंटे से लगातार आग बुझाने में जुटी रही। आग इतनी भीषण थी कि हर दमकल गाड़ी को 15 से 17 फेरे लगाने पड़े। आग पर काबू पाने के लिए 180 से अधिक पानी के टैंकों का इस्तेमाल किया गया। लंबे समय तक चले अभियान के कारण बचाव दल में शामिल कर्मचारियों की शिफ्ट भी बदलनी पड़ी। जानकारी के अनुसार यूटीएल सोलर कंपनी करीब 30 साल पुरानी है। वर्ष 1996 में स्थापित यह कंपनी सोलर पैनल, इनवर्टर और बैटरी निर्माण के क्षेत्र में कार्यरत है। यह कंपनी सोलर पावर बैकअप समाधान उपलब्ध कराने वाली अग्रणी कंपनियों में गिनी जाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला