रेवाड़ी में स्मैक तस्करी का भंडाफोड़, झुग्गी से दबोचा गया दिल्ली का आरोपी

 

धारूहेड़ा सीआईए की कार्रवाई, पहले पकड़े गए आरोपियों से खुला नेटवर्क, मुख्य सप्लायर आरिफ गिरफ्तार

रेवाड़ी, 25 मार्च (हि.स.)। रेवाड़ी शहर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कंटेनर डिपो के पास झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने स्मैक तस्करी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मूल रूप से दिल्ली के न्यू सीमापुरी निवासी मोहम्मद आरिफ के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से रेवाड़ी में झुग्गी बनाकर रह रहा था।

धारूहेड़ा सीआईए टीम ने मंगलवार देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा। पुलिस के अनुसार आरिफ इलाके में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और सप्लाई का काम संभाल रहा था।

सीआईए टीम ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई की शुरुआत 20 फरवरी को हुई थी, जब ढालियावास स्कूल के पास से ढालियावास निवासी धर्मबीर उर्फ मोटा को सात ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद एक अन्य आरोपी चुर्री को भी काबू किया गया। दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान नशा सप्लाई चेन का खुलासा हुआ और मोहम्मद आरिफ का नाम सामने आया। पुलिस ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर आरिफ की तलाश शुरू की और अंततः उसे कंटेनर डिपो के पास झुग्गी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से यहां रहकर नशे की सप्लाई कर रहा था और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहता था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। संभावना जताई जा रही है कि इस गिरोह के तार अन्य शहरों से भी जुड़े हो सकते हैं। धारूहेड़ा सीआईए अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला