रेवाड़ी: विकसित भारत के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी: राजेश नागर

 


पीएम मोदी के 25 साल पूरे, रेवाड़ी में निकाली सेवा ज्योति यात्रा

रेवाड़ी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को रेवाड़ी में जिला स्तरीय ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन भी सामूहिक रूप से सुना गया।

राज्यमंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 25 वर्षों से बिना रुके और बिना थके देश व प्रदेश की सेवा की है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद देश में विकास के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं। अर्थव्यवस्था, एम्स अस्पताल, सड़क एवं हाईवे कनेक्टिविटी, मेट्रो और रेलवे के क्षेत्र में तेजी से विस्तार हुआ है।

उन्होंने कहा कि भारत अब मेट्रो और वंदे भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं का संचालन करने के साथ-साथ इनका अन्य देशों को निर्यात भी कर रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री करीब 20 घंटे प्रतिदिन काम करते हैं और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।

राज्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का है। इसे हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी, मेहनत और समर्पण जरूरी है। एसआईआर के दौरान वोट चोरी के आरोपों को लेकर उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास ठोस मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वह ऐसे मुद्दे उठा रही है। नागर ने दावा किया कि भाजपा को जनता का समर्थन मिला है और आगामी चुनावों में भी पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला