रेवाड़ी में ट्रॉले की टक्कर से सिक्योरिटी गार्ड की मौत

 


ब्लाइंड पत्नी, दो स्कूली बच्चे और बुजुर्ग माता-पिता का था एकमात्र सहारा, पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया

रेवाड़ी, 10 जुलाई (हि.स.)। रेवाड़ी में गुडियानी-जाटूसाना रोड पर गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में ड्यूटी से घर लौट रहे एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव शादीपुरा निवासी 39 वर्षीय सुरेश के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, क्योंकि सुरेश ही अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। सूचना मिलने पर कोसली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रॉले को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सुरेश जाटूसाना स्थित एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार रात वह बाइक से ड्यूटी समाप्त कर अपने गांव शादीपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान गुडियानी गैस एजेंसी के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रॉले ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। देर रात उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि सुरेश की पत्नी दृष्टिबाधित (ब्लाइंड) हैं। उनकी बड़ी बेटी 12वीं कक्षा और बेटा 9वीं कक्षा में पढ़ता है। इसके अलावा परिवार के बुजुर्ग माता-पिता भी उन्हीं पर निर्भर थे। सुरेश की मौत से पूरा परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला