रेवाड़ी में हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराया दूसरा ट्रक, चालक की मौत

 


रेवाड़ी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के धारूहेड़ा में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर शनिवार तड़के दो ट्रकों की टक्कर में एक चालक की मौत हो गई। जंगल बेबलर के सामने सड़क किनारे तकनीकी खराबी के कारण खड़े रोड़ी से भरे ट्रक में पीछे से एल्यूमिनियम प्लेटों से लदा ट्रक टकरा गया। हादसे में चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक का केबिन कटवाकर शव बाहर निकाला। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई।

मृतक की पहचान राजस्थान के अजमेर निवासी करीब 30 वर्षीय अर्जुन के रूप में हुई है। जांच अधिकारी सतेंद्र के अनुसार, एल्यूमिनियम प्लेटों से भरा ट्रक जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहा था। धारूहेड़ा में जंगल बेबलर के सामने रोड़ी से भरा एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहा एल्यूमिनियम प्लेटों से लदा ट्रक उससे टकरा गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि एल्यूमिनियम प्लेटों से भरे ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अर्जुन उसमें फंस गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ट्रक की बॉडी कटवाकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जांच अधिकारी के अनुसार, तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे ट्रक खड़ा करने वाला चालक हादसे के बाद मौके से चला गया। पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुटी है। दुर्घटना के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला