रेवाड़ीः दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्कूल बस हादसाग्रस्त, बाल-बाल बची 44 मासूम जिंदगियां

 


रेवाड़ी, 15 मई (हि.स.)। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब निजी स्कूल की एक बस गांव खलियावास के समीप सड़क किनारे खड़े कैंटर से टकरा गई। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में सवार सभी 44 बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

मिली जानकारी के अनुसार राठ इंटरनेशनल स्कूल की बस शुक्रवार सुबह बच्चों को दिल्ली टूर पर लेकर जा रही थी। बस में कुल 44 बच्चे सवार थे। जब बस दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव खलियावास के पास पहुंची, तभी मोड़ के समीप सड़क किनारे खड़े एक कैंटर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर सड़क पर पलट गया।

हादसे के बाद बस में बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत उपचार के लिए शहर के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से दोनों वाहनों को सड़क किनारे से हटवाया। इसके बाद यातायात को सुचारू कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मोड़ के पास खड़े कैंटर को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला