रेवाड़ी में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला फूंका
मंत्री कृष्ण बेदी के आवास पर धरने का ऐलान, मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
रेवाड़ी, 22 मई (हि.स.)। रेवाड़ी में शुक्रवार को ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने शहर में शवयात्रा निकालते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बाद में महाराणा प्रताप चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर रोष जताया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
इससे पहले नेहरू पार्क में ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जताई और आगामी आंदोलन की रणनीति बनाई। यूनियन नेताओं ने घोषणा की कि 24 मई को मंत्री कृष्ण बेदी के आवास पर धरना दिया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रधान राजकुमार ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने वर्ष 2023 में भी लंबी हड़ताल की थी। उस समय सरकार ने मांगें पूरी करने का आश्वासन देकर हड़ताल समाप्त करवाई थीए लेकिन आज तक कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इस बार केवल आश्वासन से बात नहीं बनेगी। राजकुमार ने स्पष्ट कहा कि जब तक सरकार ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को पक्का करने, न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये तय करने और सरकारी कर्मचारियों को मिलने वाले सभी लाभ देने संबंधी लिखित पत्र जारी नहीं करेगी, तब तक हड़ताल समाप्त नहीं की जाएगी।
बैठक के बाद कर्मचारियों ने शवयात्रा निकालकर शहर के विभिन्न मार्गों से प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए। महाराणा प्रताप चौक पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा प्रदेश स्तर पर बड़े प्रदर्शन किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला