रेवाड़ी : आरपीएफ ने पकड़ा गोल्डी बराड़ गैंग का शूटर
रेवाड़ी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली-भुज एक्सप्रेस ट्रेन (19404) में आरपीएफ की टास्क टीम ने कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस द्वारा वांछित एक आरोपी को पकड़ा है। आरोपी की पहचान नवाब अली निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस से मिले फोटो और हुलिए के आधार पर आरपीएफ जयपुर मंडल की रेवाड़ी टास्क टीम ने ट्रेन में संदिग्ध की तलाश की थी। बाद में दिल्ली पुलिस स्पेशल टास्क फोर्स की टीम ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार को आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ओंकार ने बताया कि दिल्ली पुलिस से सूचना मिली थी कि आरोपी दिल्ली से दिल्ली-भुज एक्सप्रेस में सवार हुआ है। बुधवार शाम को आरपीएफ टास्क टीम को आरोपी का फोटो और हुलिया उपलब्ध कराया गया। इसके बाद टीम ट्रेन के रेवाड़ी पहुंचने पर उसमें सवार हुई।
ट्रेन के रेवाड़ी से रवाना होने के बाद रेवाड़ी-अलवर रेलखंड पर आरपीएफ टीम ने स्लीपर कोचों में संदिग्ध की तलाश शुरू की। स्लीपर के तीसरे कोच में सीट नंबर 23 पर बैठा एक व्यक्ति फोटो और हुलिए से मिलता-जुलता मिला। पहचान की पुष्टि के बाद टीम ने उसे निगरानी में ले लिया। ट्रेन के अलवर पहुंचने पर नवाब अली को उतारकर आरपीएफ चौकी अलवर लाया गया।
इसके बाद आरपीएफ ने दिल्ली पुलिस एसटीएफ से संपर्क किया। गुरुवार रात एसटीएफ की टीम अलवर आरपीएफ चौकी पहुंची और आरोपी से पूछताछ की। दिल्ली पुलिस के अनुसार नवाब अली थाना रूप नगर, नई दिल्ली में दर्ज एक एफआईआर में वांछित था। तलाशी में उसके पास से एक मोबाइल फोन भी मिला, जिसे नियमानुसार जब्त कर लिया गया।
एसटीएफ के अनुसार आरोपी पर गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं। पूछताछ में उसने खुद को गोल्डी बराड़ गैंग का सदस्य और शूटर बताते हुए वसूली व चोरी से जुड़े मामलों में शामिल होने की बात कही है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में भूमिका की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला