रेवाड़ीः सड़क हादसे में किसान की मौत
रेलवे फाटक के पास अनियंत्रित हुई बाइक खंभे से टकराई
रेवाड़ी, 12 जून (हि.स.)। जिले के कोसली-जुड़ी रोड पर गुरूवार देर शाम एक सड़क हादसे में 58 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बाइक चला रहे व्यक्ति का वाहन अचानक अनियंत्रित होकर रेलवे लाइन के पास लगे लोहे के बिजली के खंभे से टकरा गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार गांव जुड़ी निवासी प्रदीप गुरूवार शाम बाइक पर सवार होकर घर से निकले थे। जब वह कोसली-जुड़ी रोड स्थित रेलवे फाटक के पास पहुंचे तो सड़क किनारे कच्ची मिट्टी में बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर रेलवे लाइन के साथ खड़े लोहे के बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूर तक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल प्रदीप को संभाला और घटना की सूचना पुलिस व परिजनों को दी। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक प्रदीप गांव जुड़ी के निवासी थे और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
कोसली थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि देर रात रेलवे फाटक के पास दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला