रेवाड़ी में 14 साल की नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी फरार

 


रेवाड़ी, 28 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के रेवाड़ी जिले के एक गांव में 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना बीती रात की बताई जा रही है, जब पीड़िता की मां घर से बाहर ड्यूटी पर गई हुई थी। इसी दौरान आरोपित ने मौके का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पीड़िता के जीजा का दोस्त बताया जा रहा है। आरोप है कि वह नाबालिग को बहला-फुसलाकर गांव की बनी (जंगल क्षेत्र) में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने घर लौटने के बाद अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। बेटी की आपबीती सुनने के बाद मां ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।

महिला ने खोल थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से झज्जर जिले की रहने वाली है और वर्तमान में राजस्थान की एक कंपनी में काम करती है। घटना के समय वह ड्यूटी पर गई हुई थी और घर पर बेटी अकेली थी। शिकायत के आधार पर खोल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

डीएसपी सिटी पवन कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नाबालिग की मां की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस संवेदनशील मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला