रेवाड़ी में तेज बारिश से मंडी में रखा सैकड़ों क्विंटल बाजरा भीगा

 


रेवाड़ी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में गुरुवार को हुई तेज बारिश से नई अनाज मंडी में जलभराव हो गया। मंडी में खुले में रखा सैकड़ों क्विंटल बाजरा भीग गया। वहीं, अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार कर रहे किसानों की ट्रैक्टर-ट्रालियों में रखा बाजरा भी बारिश की चपेट में आ गया। इससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ा।

रेवाड़ी सहित जिले की चार अनाज मंडियों में बाजरे की सरकारी खरीद की जा रही है। अपनी उपज बेचने के लिए किसान रात से ही शहर की नई अनाज मंडी के दोनों प्रवेश द्वारों पर ट्रैक्टर-ट्रालियां लेकर कतार में लग जाते हैं। किसानों का प्रयास रहता है कि सुबह जल्द टोकन कटवाकर बाजरे की बिक्री कर सकें। गुरुवार को भी मंडी के दोनों प्रवेश द्वारों पर करीब दो किलोमीटर लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण मंडी परिसर में खुले में पड़ा बाजरा भीग गया। इसके साथ ही कतार में खड़े किसानों की ट्रैक्टर-ट्रालियों में रखा अनाज भी प्रभावित हुआ।

बारिश शुरू होते ही कई किसानों ने तिरपाल डालकर अपनी उपज को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बारिश के कारण वे पूरी तरह बाजरे को भीगने से नहीं बचा सके। मंडी में जलभराव होने से भी किसानों की परेशानी बढ़ गई। किसानों का कहना है कि वे अपनी उपज बेचने के लिए घंटों और कई बार रातभर इंतजार करते हैं। ऐसे में बारिश होने पर अनाज को सुरक्षित रखने की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि मंडी में खुले में रखे बाजरे को बारिश से बचाने के लिए उचित इंतजाम किए जाएं, ताकि किसानों को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला