रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर मिला बुजुर्ग का शव

 


दस्तावेज नहीं मिलने से पहचान में जुटी जीआरपी

रेवाड़ी, 20 अगस्त (हि.स.)। रेलवे स्टेशन पर बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर छह और सात पर दिल्ली की ओर जाने वाले हिस्से में एक बेंच पर करीब 60 से 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

जांच अधिकारी एचसी अनीता ने बताया कि बुधवार देर रात रेलवे स्टेशन पर बुजुर्ग व्यक्ति के मृत अवस्था में मिलने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान बुजुर्ग के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या अन्य सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया बुजुर्ग प्लेटफॉर्म पर बनी बेंच पर सोता हुआ दिखाई दे रहा था।

पुलिस ने शव की जांच की, लेकिन शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल रेवाड़ी के शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस अब मृतक के परिजनों की तलाश और उसकी पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास कर रही है।

जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बुजुर्ग स्टेशन पर कब पहुंचा था और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति था या नहीं। इसके अलावा पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ कर रही है।

एचसी अनीता ने बताया कि मृतक की पहचान होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला