रेवाड़ीः रेलवे ने होली पर चलाई स्पेशल ट्रेन

 


रेवाड़ी, 26 फ़रवरी (हि.स.)। होली पर्व के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए मदार-रोहतक-मदार (प्रतिदिन) स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन रेवाड़ी और नारनौल स्टेशनों पर भी ठहराव करेगी। इस विशेष ट्रेन के संचालन से हरियाणा और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह ट्रेन एक मार्च से 31 मार्च तक चलेगी। प्रतिदिन रोहतक से 13.20 और मदार से 4.30 पर रवाना होगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने गुरूवार को बताया कि गाड़ी संख्या 09639 मदार-रोहतक (प्रतिदिन) स्पेशल रेलसेवा में एक मार्च से 31 मार्च तक कुल 31 ट्रिप संचालित की जाएगी। यह ट्रेन प्रतिदिन सुबह 04ः30 बजे मदार से रवाना होकर दोपहर 12ः50 बजे रोहतक पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09640 रोहतक-मदार (प्रतिदिन) स्पेशल रेलसेवा भी एक मार्च से 31 मार्च तक संचालित होगी। यह ट्रेन प्रतिदिन 13ः20 बजे रोहतक से रवाना होकर रात 22ः35 बजे मदार पहुंचेगी। यह रेलसेवा मार्ग में किशनगढ, नरेना, फुलेरा, रेनवाल, बधाल, रींगस, श्रीमाधोपुर, कावंट, भगेगा, नीम का थाना, मांवडा, डाबला, निजामपुर, नारनौल, अटेली, कुण्ड, रेवाडी, गोकलगढ, पाल्हावास, झज्जर एवं अस्थल बोहर स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस विशेष रेलसेवा में कुल नौ डिब्बे रहेंगे, जिनमें सात साधारण श्रेणी के कोच तथा दो गार्ड डिब्बे शामिल होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला