रेवाड़ी-नारनौल रेलमार्ग पर मिला बुजुर्ग का शव
रेवाड़ी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। रेवाड़ी-नारनौल रेलमार्ग पर रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर दूर एक अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। फिलहाल बुजुर्ग की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस इस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
जीआरपी जांच अधिकारी अनीता ने रविवार को बताया कि पुलिस को रेवाड़ी-नारनौल रेलवे लाइन के पास एक बुजुर्ग के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां पहुंचकर जांच की गई तो बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया।
जांच अधिकारी के अनुसार, मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज, पहचान पत्र या अन्य सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान की जा सके। इसके अलावा शरीर पर भी कोई ऐसा विशिष्ट निशान नहीं मिला है, जिसके आधार पर मृतक की पहचान हो सके। पुलिस मृतक की शिनाख्त करने के लिए प्रयास कर रही है। इसके लिए शव को रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल स्थित शवगृह में रखवाया गया है।
फिलहाल बुजुर्ग की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बुजुर्ग की मौत किसी ट्रेन हादसे के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। किसी आपराधिक साजिश की आशंका सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मृतक की पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला