रेवाड़ी: स्वस्थ नागरिक कर सकते विकसित भारत का सपना साकार : आरती सिंह राव

 


स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने महेश्वरी में 40 लाख के विकास कार्य शुरू किए

रेवाड़ी, 16 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य, आयुष एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री आरती सिंह राव ने कहा है कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित भारत के निर्माण का सपना साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहने के साथ नशीले पदार्थों से दूर रहना चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री बुधवार को गांव महेश्वरी में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पिछले दिनों रेवाड़ी में विशाल मैराथन का आयोजन भी किया गया था। उन्होंने लोगों से नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश में विकास की गति को तेज करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए हैं। इसका लाभ दक्षिण हरियाणा के लोगों को भी मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नायब सिंह सैनी ने सभी जिला अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस की सुविधा लागू की थी।

उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा मशीनें स्थापित की जा रही हैं। इससे आम नागरिकों को पहले की अपेक्षा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने गांव महेश्वरी में करीब 40 लाख रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने गांव मीरपुर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में धारूहेड़ा नगर पालिका चेयरमैन अजय जांगड़ा, को-ऑपरेटिव सोसायटी चेयरमैन अजय पाटौदा, सरपंच मीनाक्षी देवी, जिला महामंत्री कुलदीप चौहान, मंडल अध्यक्ष हनुमान छाबड़ी, देवराज, जयपाल यादव सहित विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला