रेवाड़ी में नशे के खिलाफ पुलिस ने चलाया विशेष सर्च अभियान

 

एसपी के नेतृत्व में सीआईए, डॉग स्क्वॉड और थाना पुलिस ने की जांच

रेवाड़ी, 17 सितंबर (हि.स.)। जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए पुलिस ने गुरुवार अलसुबह कोसली क्षेत्र में विशेष सर्च एवं चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के नेतृत्व में सीआईए कोसली, डॉग स्क्वॉड और थाना कोसली पुलिस की संयुक्त टीमों ने संवेदनशील स्थानों और संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी ली। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान थाना कोसली क्षेत्र की भोगल बस्ती, हुड्डा ग्राउंड और नया गांव मोड़ सहित आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध मकानों, संभावित ठिकानों और सार्वजनिक स्थानों को खंगाला। तलाशी के दौरान प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स की भी मदद ली गई। डॉग स्क्वॉड ने ऐसे स्थानों की जांच की, जहां नशीले पदार्थ छिपाकर रखे जाने की आशंका थी।

अभियान में थाना कोसली प्रभारी निरीक्षक विद्या सागर, सीआईए कोसली प्रभारी पीएसआई नितीश कुमार और डॉग स्क्वॉड की टीमों के साथ पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने क्षेत्र में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों और स्थानों पर भी नजर रखी।

पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए पुलिस टीमें लगातार सक्रिय हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है।

एसपी ने बताया कि नशे के खिलाफ इस तरह के सर्च एवं चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला