रेवाड़ी: कीदार का गुम मोबाइल पुलिस ने मात्र 30 मिनट में किया बरामद

 


-साइबर तकनीक से ट्रेस हुई मोबाइल की लोकेशन

-श्मशान घाट में सीमेंट के खाली कट्टे में मिला

रेवाड़ी, 21 सितंबर (हि.स.)। बावल थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर तकनीक की मदद से एक चौकीदार का गुम हुआ मोबाइल महज 30 मिनट में बरामद कर लिया। मोबाइल श्मशान घाट के अंदर सीमेंट के खाली कट्टे में लिपटा हुआ मिला। मोबाइल वापस मिलने पर चौकीदार ने पुलिस का आभार जताया।

मुरादाबाद जिले के मुंडाला गांव निवासी गौतम बावल में चौकीदारी का काम करता है। गौतम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार दोपहर उसने अपना मोबाइल चारपाई पर रखा था। इसी दौरान वहां सीमेंट के कट्टे उतारने वाले कुछ लोग पहुंचे। वह कट्टे गिनने में व्यस्त हो गया। कुछ देर बाद उसने देखा तो चारपाई पर रखा मोबाइल गायब था। गौतम ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन मोबाइल का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद वह बावल थाना पहुंचा और पुलिस को मोबाइल गुम होने की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मोबाइल नंबर को साइबर तकनीक के माध्यम से ट्रैक करना शुरू कर दिया।

पुलिस के अनुसार मोबाइल की लोकेशन ट्रेस होने के बाद टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। करीब 30 मिनट की कार्रवाई के बाद पुलिस ने मोबाइल बरामद कर लिया। मोबाइल श्मशान घाट के अंदर एक सीमेंट के खाली कट्टे में लिपटा हुआ मिला। पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर चौकीदार गौतम को सौंप दिया। मोबाइल वापस मिलने के बाद गौतम ने पुलिस का आभार जताया। उसने बताया कि मोबाइल उसके लिए काफी महत्वपूर्ण था और इसके वापस मिलने से उसे बड़ी राहत मिली है। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत मिलते ही मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कराई गई थी। लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया, जिससे थोड़े समय में मोबाइल बरामद कर लिया गया। पुलिस अब मोबाइल के श्मशान घाट तक पहुंचने की परिस्थितियों की भी जानकारी जुटा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला