रेवाड़ी पुलिस ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ
रेवाड़ी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को रेवाड़ी जिला पुलिस की ओर से राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस दौरान जिला पुलिस मुख्यालय सहित सभी थानों, पुलिस चौकियों, पुलिस लाइन और अपराध शाखाओं में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने के साथ पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
जिला पुलिस मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में डीएसपी मुख्यालय संजीव बल्हारा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को देश की एकता और सुरक्षा अक्षुण्ण रखने तथा आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण से कार्य करने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने अपने संदेश में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल सशक्त, संगठित और आत्मनिर्भर भारत के शिल्पकार थे। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी सैकड़ों रियासतों का विलय कर आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। उनके अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व ने देश को एक सूत्र में बांधने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला