रेवाड़ी में गोतस्करों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग
पंचर गाड़ी को तीन किलोमीटर दौड़ाते रहे तस्कर, चलती गाड़ी से तीन गोवंशी फेंककर हुए फरार
रेवाड़ी, 17 सितंबर (हि.स.)। रेवाड़ी में गढ़ी बोलनी रोड पर गुरुवार तड़के गोतस्करों से तीन गोवंशियों को मुक्त कराने का मामला सामने आया है। तस्कर गाड़ी के टायर पंचर होने के बावजूद उसे करीब तीन किलोमीटर तक दौड़ाते रहे। गांव पदैयावास के पास पुलिस और गोरक्षक दल की टीम के करीब पहुंचने पर आरोपियाें ने कथित तौर पर दो बार फायरिंग की। इसके बाद तस्कर चलती गाड़ी से तीन गोवंशियों को नीचे फेंककर फरार हो गए।
कसौला थाना पुलिस ने तस्करों की गाड़ी कब्जे में लेकर आरोपियाें की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार डवाना लालपुर गांव के ग्रामीणों ने बुधवार देर रात पुलिस को सूचना दी कि कुछ लोग गायों को उठाकर ले जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम और गोरक्षक दल के सदस्य मौके पर पहुंचे और आसपास के गांवों में तस्करों की तलाश शुरू की। इसी दौरान टीम को गांव कोनसीवास के पास संदिग्ध गाड़ी दिखाई दी। गाड़ी को रोकने के लिए रास्ते में कांटे डाले गए। इससे गाड़ी के टायर पंचर हो गए। इसके बावजूद तस्करों ने वाहन नहीं रोका और पंचर गाड़ी को ही चलाते हुए कोनसीवास से पदैयावास की ओर भागने लगे।
करीब तीन किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस और गोरक्षक दल की टीम पदैयावास के पास तस्करों के करीब पहुंच गई। पुलिस के अनुसार, इस दौरान तस्करों ने टीम पर दो बार फायरिंग की। टीम ने पीछा जारी रखा। पकड़े जाने के डर से आरोपियाें ने चलती गाड़ी से तीन गोवंशियों को नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कसौला थाना पुलिस आरोपियाें की पहचान करने के साथ उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला