रेवाड़ीः धारूहेड़ा में प्ले स्कूल की टीचर लापता, पुलिस जांच में जुटी
रेवाड़ी, 08 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के औद्योगिक कस्बे धारूहेड़ा से एक 22 वर्षीय प्ले स्कूल टीचर के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। युवती मंगलवार को रोज़ की तरह अपने स्कूल पढ़ाने के लिए गई थी, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दी गई।
परिजनों के अनुसार, युवती एक निजी प्ले स्कूल में पढ़ाती है और प्रतिदिन समय पर घर लौट आती थी। मंगलवार को भी वह सामान्य रूप से घर से निकली थी, लेकिन शाम तक संपर्क नहीं हो सका। परिवार ने बताया कि उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है, जिससे चिंता और बढ़ गई है।
थाना प्रभारी सचिन कुंडू ने बताया कि शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
मध्य प्रदेश मूल निवासी व वर्तमान में मॉडल टाउन थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी 19 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत पुलिस को दी है। शिकायत में बताया गया कि उसकी बेटी सोमवार को अपनी बहन के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी।
परिजनों के अनुसार, जब युवती शाम तक घर वापस नहीं लौटी तो पिता उसे लेने बहन के घर पहुंचे, लेकिन वह वहां भी नहीं मिली। इसके बाद परिवार में चिंता का माहौल बन गया और आसपास तथा जान-पहचान के लोगों के यहां उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला