रोहतक-रेवाड़ी मार्ग पर मिला अधेड़ का शव,नहीं हुई शिनाख्त
रेवाड़ी, 22 मार्च (हि.स.)। जिले में रोहतक राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गंगायचा जाट टोल टैक्स के पास एक करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार सुबह के समय गंगायचा जाट टोल प्लाजा के पास हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने एक व्यक्ति को गंभीर हालत में सड़क किनारे पड़ा देखा। उसके सिर और पैरों पर चोट के गहरे निशान थे। स्थिति को देखते हुए राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पाया कि व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। सदर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला किसी अज्ञात वाहन की टक्कर का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस का अनुमान है कि रविवार तड़के करीब पांच बजे किसी तेज रफ्तार वाहन ने डिवाइडर पार करते हुए व्यक्ति को टक्कर मारी होगी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के पैर में और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक पिछले दो दिनों से इलाके में घूमता हुआ देखा जा रहा था, जिससे उसकी पहचान को लेकर पुलिस को कुछ सुराग मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मृतक की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। शव को फिलहाल शवगृह में रखवाया गया है और जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला