रेवाड़ी: स्वास्थ्य मंत्री ने पैरा खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देकर किया सम्मानित
राष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टिंग में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का रामपुरा हाउस में हुआ सम्मान समारोह
रेवाड़ी, 11 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री एवं पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की अध्यक्ष आरती सिंह राव ने शनिवार को रामपुरा हाउस स्थित अपने निवास पर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पैरा पावरलिफ्टिंग खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। समारोह में खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया।
गौरतलब है कि 23वीं राष्ट्रीय, 18वीं जूनियर एवं द्वितीय सब-जूनियर राष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन 15 से 18 जनवरी तक रुड़की (उत्तराखंड) में हुआ था। प्रतियोगिता में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आइ स्वर्ण, दाे रजत और एक कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
सम्मान समारोह में स्वर्ण पदक विजेताओं को 25 हजार रुपये, रजत पदक विजेताओं को 15 हजार रुपये तथा कांस्य पदक विजेता को 10 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। सम्मानित खिलाड़ियों में सुधीर, अशोक, अजय, गीतिका, दीपक, मनीष, प्रदीप जून, सोमन, देवी, खुशबू और पायल शामिल रहे।
आरती सिंह राव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की उपलब्धि में उसके परिवार और प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के चेयरमैन अभिजीत सिंह, एसोसिएशन के संस्थापक गिरिराज सिंह, महासचिव ज्योति कुमार छाबड़ा, कोषाध्यक्ष पवन अधाना, कोच धर्मेंद्र और सतबीर मौजूद रहे। इस माैके पर अर्जुन अवार्डी यशपाल सोलंकी तथा डीएसओ गुरुग्राम आरती सोलंकी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला