रेवाड़ी रेलवे परिसर में अवैध सीवर कनेक्शन पर चार लोगों को नोटिस
दीवार तोड़कर लाइन डालने और होटल का गंदा पानी बहाने का आरोप, कार्रवाई शुरू
रेवाड़ी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। रेवाड़ी रेलवे स्टेशन परिसर की दीवार तोड़कर कथित तौर पर अवैध सीवर कनेक्शन जोड़ने और होटल का गंदा पानी रेलवे परिसर में डालने के मामले में रेलवे प्रशासन ने चार लोगों को नोटिस जारी किया है। नोटिस मिलने के बाद गुरुवार को अवैध सीवर कनेक्शन को बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। रेलवे की ओर से संबंधित लोगों को कनेक्शन हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर की ओर से जारी नोटिस में राम सिंह, नंद किशोर और हेमंत समेत चार लोगों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया है। इनमें राम सिंह जन स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी बताया गया है, जबकि नंद किशोर और हेमंत दुकान चलाते हैं। नोटिस में स्पष्ट रूप से रेवाड़ी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में लगाए गए अवैध सीवर कनेक्शन को तत्काल हटाने और बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
मामला तब सामने आया जब एक व्यक्ति ने रेलवे के जयपुर मंडल के डीआरएम को पत्र भेजकर शिकायत की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि रेलवे परिसर की दीवार को तोड़कर अवैध रूप से सीवर लाइन डाली गई है। इस लाइन के जरिए होटल का गंदा पानी रेलवे परिसर के नाले में डाला जा रहा है। इससे स्टेशन परिसर में दुर्गंध फैलने की समस्या बनी हुई है। शिकायतकर्ता के अनुसार इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक को भी कई बार लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत में होटल मालिकों और जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों पर मिलीभगत के आरोप भी लगाए गए थे।
रेलवे प्रशासन ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर अवैध कनेक्शन हटाने के निर्देश दिए। नोटिस के बाद गुरुवार को कनेक्शन बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। मामले में आगे की कार्रवाई रेलवे प्रशासन द्वारा की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला