रेवाड़ी जीआरपी ने सुलझाई मर्डर की गुत्थी, दो गिरफ्तार

 


रेवाड़ी, 26 फ़रवरी (हि.स.)। रेवाड़ी जीआरपी ने दिल्ली से आने वाली पैसेंजर ट्रेन के टॉयलेट में मिले युवक के शव के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जुआ खेलते समय हुई मारपीट की रंजिश में युवक को मौत के घाट उतारा गया। रेवाड़ी जीआरपी को 13 फरवरी को शव मिला था।

जीआरपी प्रभारी कृष्ण कुमार ने गुरूवार को बताया कि पैसेंजर ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचने के बाद टॉयलेट में एक यात्री ने शव पड़े होने की सूचना दी थी। मृतक के शरीर पर चोटों के गहरे निशान मिले, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हुआ। जांच के दौरान मृतक की पहचान गाजियाबाद निवासी 22 वर्षीय कर्ण के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। इस मामले में नंदग्राम के आदर्श नगर निवासी रणजीत और मथुरा के गिडोह निवासी विनोद कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वहीं मेरठ निवासी आयान और साहिबाबाद निवासी सुरेश की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि मृतक और आरोपी मिलकर रेलवे स्टेशनों व अन्य स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। सभी जुआ खेलने के भी आदी थे। कुछ दिन पहले जुआ खेलते समय रणजीत और कर्ण के बीच झगड़ा हो गया था, जिसमें कर्ण ने रणजीत के साथ मारपीट की थी। इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई।

पुलिस के अनुसार 12 फरवरी की रात रणजीत ने कर्ण को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन बुलाया। वहां पहले से मौजूद विनोद, सुरेश और आयान के साथ सभी ने एक खड़ी ट्रेन में बैठकर शराब पी। नशे की हालत में उसकी बेरहमी से पीटाई की। सिर पर पत्थर से वार करने के बाद उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने पहले शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका, फिर साक्ष्य छिपाने के इरादे से ट्रेन के टॉयलेट में डाल दिया। इनके खिलाफ गाजियाबाद व जीआरपी थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला