रेवाड़ी में आठ साल पुरानी हत्या की गुत्थी सुलझी, एक आरोपी गिरफ्तार

 




खुर्मपुर में सफाई कर्मी की हत्या का मामला फिर खुला, दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी

रेवाड़ी, 06 मई (हि.स.)। रेवाड़ी जिला पुलिस ने आठ साल पहले हुई सफाई कर्मी की हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला गांव खुर्मपुर का है, जहां वर्ष 2018 में रत्नलाल नामक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। पुलिस अब इस केस को दोबारा खोल बाकी आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

डीएसपी सुरेंद्र श्योरण ने बुधवार को मॉडल टाउन थाने में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि सीआईए धारूहेड़ा की टीम ने इंचार्ज योगेश के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने गढ़ी बोलनी रोड पर खुर्मपुर रेलवे पुल के नीचे छापेमारी करते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर 26 दिसंबर 2018 की रात गांव के ही रत्नलाल की हत्या की थी। हत्या के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे और मामला लंबे समय से अनसुलझा ही पड़ा था।

डीएसपी के अनुसार, आरोपी की निशानदेही और बयान के आधार पर उसे हत्या के मामले में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही पुलिस अब इस केस को फिर से खोलकर शेष दो आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुराने मामलों को सुलझाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह सफलता मिली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला