रेवाड़ी में विकास कार्यों में ढिलाई बर्दाश्त नहींः राव इंद्रजीत सिंह
फ्लाईओवर, सड़कों और बस स्टैंड निर्माण में तेजी के निर्देश, सीएनडी वेस्ट पर सख्ती और सीवरेज सुधार पर भी जोर
रेवाड़ी, 08 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी में बुधवार को आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में केंद्रीय योजना राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की सभी विकास योजनाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच अनिवार्य रूप से होनी चाहिए।
बैठक में बावल-बनीपुर नेशनल हाईवे पर बन रहे फ्लाईओवर की धीमी प्रगति पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कार्य में देरी के कारण आम जनता को जाम की समस्या झेलनी पड़ रही है। उन्होंने मनोज कुमार और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की निगरानी कर इसे तेज गति से पूरा कराने के निर्देश दिए। राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी को दो माह का समय दिया गया है, जिस पर मंत्री ने गति बढ़ाने को कहा।
महेंद्रगढ़-बेरली रोड पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और अंडरब्रिज (आरयूबी) निर्माण को लेकर भी समीक्षा की गई। मंत्री ने रेलवे अधिकारियों को जल्द मंजूरी दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही लोक निर्माण विभाग को धारूहेड़ा में छह बेस और रेवाड़ी में 18 बेस के बस स्टैंड निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने उपायुक्त अभिषेक मीणा को एम्स कनेक्टिविटी रोड अपने स्तर पर मॉनिटर करने को कहा। वहीं मसानी बैराज में जल प्रबंधन परियोजना पर करीब 268 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की जानकारी दी गई। सीएनडी वेस्ट को लेकर भी मंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने एसपी हेमेंद्र मीणा को रात्रि गश्त बढ़ाने और अवैध कचरा डालने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, बावल के विधायक डा कृष्ण कुमार, कोसली के विधायक अनिल यादव व भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना पोपली सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला