रेवाड़ी में मोबाइल रिपेयरिंग कर्मचारी ने फंदा लगाकर की आत्महत्या

 

रेवाड़ी, 16 नवंबर (हि.स.)। शहर के माता चौक के पास एक युवक ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान पर काम करता था और पिछले दो दिनों से काम पर नहीं जा रहा था। सोमवार को दुकान पर काम करने वाले उसके साथी कमरे पर पहुंचे तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। बाद में ऊपर चढ़कर देखा तो link युवक फंदे पर लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिला निवासी 27 वर्षीय रोहित के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 10 साल से रेवाड़ी में रह रहा था। पिछले पांच वर्षों से बस स्टैंड के समीप एक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान पर काम कर रहा था। जानकारी के अनुसार, रोहित पिछले दो दिनों से दुकान पर नहीं पहुंच रहा था। सोमवार को दुकान पर काम करने वाले उसके साथी उसका हालचाल जानने के लिए कमरे पर पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद मकान मालिक को मौके पर बुलाया गया। साथियों ने ऊपर चढ़कर कमरे के अंदर देखा तो रोहित चादर के सहारे पंखे से लटका हुआ था। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला