रेवाड़ी पुलिस की तत्परताः हॉस्टल से लापता छात्र को कुछ ही घंटों में ढूंढ निकाला
रात को अचानक छात्रावास से हुआ था गायब, सकुशल घर पहुंचा
रेवाड़ी, 25 मार्च (हि.स.)। जिले में मंगलवार रात को एक निजी स्कूल के हॉस्टल से 15 वर्षीय छात्र के लापता होने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्र को रेलवे स्टेशन के पास से सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने छात्र को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिससे परिवार और स्कूल प्रशासन ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, छात्र जाडरा स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ाई करता है और वहीं के हॉस्टल में रह रहा था। मंगलवार देर रात वह अचानक छात्रावास से बिना बताए निकल गया। जब काफी देर तक छात्र अपने कमरे में नहीं मिला तो हॉस्टल प्रबंधन को शक हुआ। जांच करने पर छात्र के लापता होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत परिजनों और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और छात्र की तलाश शुरू कर दी गई। आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया गया और संभावित स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक किशोर रेलवे स्टेशन के आसपास देखा गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्र की पहचान की और उसे सुरक्षित अपने साथ ले लिया। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताओं के बाद छात्र को उसके परिवार को सौंप दिया। छात्र के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता की सराहना की है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला