रेवाड़ी: प्लॉट कब्जा नहीं मिलने पर मंत्री का सख्त रुख, जांच और एफआईआर के निर्देश

 


17 साल बाद भी नहीं मिला प्लॉट, मंत्री गंगवा ने अधिकारियों को फटकारा

रेवाड़ी, 24 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के जनस्वास्थ्य एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने शुक्रवार को रेवाड़ी के बाल भवन में आयोजित जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक में अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। वर्षों से लंबित जन शिकायतों पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने बिजली निगम और विकास प्राधिकरण सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान दो नागरिकों ने शिकायत रखी कि वर्ष 2008 और 2011 में प्लॉट आवंटित होने तथा पूरी राशि जमा कराने के बावजूद आज तक उन्हें जमीन का वास्तविक कब्जा नहीं मिला। पीड़ितों ने बताया कि कागजों में कब्जा दिखा दिया गया, लेकिन मौके पर जमीन नहीं मिली और वर्षों से अधिकारियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

इस पर मंत्री रणबीर गंगवा ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करते हुए लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ जांच के आदेश दिए। साथ ही एक निजी टाउनशिप संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कराने के भी निर्देश जारी किए।

मंत्री ने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान कुछ दिनों में हो सकता है, उनके लिए लोगों को वर्षों तक परेशान करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली शिकायत निवारण समिति की बैठक से पहले सभी लंबित मामलों का समाधान किया जाए।

बैठक में शहर में बारिश के दौरान जलभराव का मुद्दा भी उठा। इस पर मंत्री ने कहा कि मानसून शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जलभराव की विस्तृत रिपोर्ट मांगी और दोहराया कि जनता की सुविधाओं के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला