रेवाड़ी एम्स में इसी सत्र से शुरू होगी एमबीबीएस पढ़ाई, 50 सीटों को मिली मंजूरी

 


जल्द ओपीडी सेवाएं भी होंगी शुरू

रेवाड़ी, 23 मार्च (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के माजरा एम्स में इसी शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 50 एमबीबीएस सीटों को मंजूरी दे दी है, जिस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने भी अपनी सहमति की मोहर लगा दी है। यह जानकारी केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने सोमवार को दी।

माजरा में बन रहा एम्स देश का 22वां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) होगा, जो लगभग 210 एकड़ भूमि पर तैयार किया जा रहा है। इस परियोजना पर करीब 1700 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस संस्थान के शुरू होने से न केवल दक्षिणी हरियाणा बल्कि राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को भी उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। एम्स निर्माण की घोषणा वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा मनेठी में की गई थी, लेकिन भूमि विवाद के कारण यह परियोजना लंबे समय तक अटकी रही। बाद में वर्ष 2019 में सरकार ने जमीन खरीदकर माजरा में एम्स स्थापित करने का निर्णय लिया, जिसके बाद निर्माण कार्य ने गति पकड़ी।

करीब तीन माह पहले केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने एम्स का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने प्रशासन को मार्च के अंत तक ओपीडी सेवाएं शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में फरवरी माह में विभिन्न पदों के लिए आवेदन भी आमंत्रित किए गए थे, जिससे यह साफ संकेत मिला था कि संस्थान जल्द ही आम जनता के लिए खुलने वाला है। अब एमबीबीएस की 50 सीटों को मंजूरी मिलने से इस दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि एम्स में पढ़ाई और ओपीडी सेवाएं शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। यह संस्थान स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला