रेवाड़ीः जेएलएन नहर में बहे दो किशोरों के शव बरामद

 


दो दिन तक चला सर्च अभियान, एसपी ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी

रेवाड़ी, 02 जून (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के कोसली क्षेत्र स्थित जेएलएन नहर में नहाते समय बह गए दो लड़कों के शव मंगलवार को बरामद कर लिए गए। दोनों की तलाश में पिछले दो दिनों से एसडीआरएफ टीम, स्थानीय गोताखोरों और पुलिस द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा था।

मृतकों की पहचान झज्जर जिले के बहू गांव निवासी 19 वर्षीय चंद्रकांत तथा रेवाड़ी जिले के जांट गांव निवासी 11 वर्षीय दुष्यंत के रूप में हुई है। घटना रविवार को उस समय हुई थी जब तीन लड़के नहर में नहाने गए थे।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह बहू गांव से तीन युवक जेएलएन नहर में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे चंद्रकांत और दुष्यंत पानी में बह गए।

तीसरा लड़का किसी तरह खुद को बचाने में सफल रहा और बाहर निकल आया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत खोज अभियान शुरू किया। लगातार चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान चंद्रकांत का शव करीब 31 घंटे बाद नहर से बरामद किया गया। वहीं दुष्यंत का शव लगभग 44 घंटे बाद सिहोर गांव के पास एक पंप के जाल में फंसा मिला। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।

रेवाड़ी के पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने आमजन के लिए विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि हाल के दिनों में नहरों और अन्य जल स्रोतों में नहाने के दौरान कई हादसे सामने आए हैं, जिनमें युवाओं और बच्चों की जान गई है। एसपी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें नहरों, नालों, तालाबों तथा अन्य गहरे जल स्रोतों के पास जाने से रोकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला