रेवाड़ी के लाल ने जापान एशियन गेम्स में जीता शूटिंग का स्वर्ण पदक

 


सुलखा गांव में जश्न का माहौल, परिवार और ग्रामीणों ने दी बधाइयां

रेवाड़ी, 25 सितंबर (हि.स.)। जिले के गांव सुलखा निवासी कमलजीत ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग के मिक्स्ड टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया। कमलजीत की इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही शुक्रवार को गांव सुलखा में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और जीत का जश्न मनाया।

कमलजीत ने हरियाणा की ही खिलाड़ी सुरुचि इंद्र सिंह के साथ मिलकर भारत को प्रतियोगिता में दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। सुरुचि इंद्र सिंह झज्जर जिले की रहने वाली हैं। दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी स्वर्ण पदक विजेताओं को बधाई दी और उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई।

कमलजीत के परिवार में भी जीत के बाद खुशी का माहौल है। उनके पिता औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। दो भाइयों में कमलजीत बड़े हैं और उनका छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है।

कमलजीत के चाचा दिनेश कुमार ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य रातभर टीवी के सामने बैठकर मुकाबला देख रहे थे। मुकाबले के दौरान परिवार की नजरें लगातार कमलजीत के प्रदर्शन पर टिकी हुई थीं। जैसे ही कमलजीत ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, परिवार में खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

कमलजीत की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से सुलखा गांव के लोग भी गौरवान्वित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी सफलता ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है और युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला