रेवाड़ी जेल में बंदी ने सैनिटाइजर पिया, हालत बिगड़ने पर रोहतक रेफर

 


साइबर ठगी के मामले में मई से जेल में बंद है जींद निवासी मनोज, मानसिक बीमारी का चल रहा इलाज

रेवाड़ी, 14 अगस्त (हि.स.)। रेवाड़ी जिला जेल में बंद एक हवालाती ने गुरुवार शाम जेल परिसर में सैनिटाइजर पी लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। अभी उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, जींद निवासी मनोज साइबर ठगी के मामले में मई से रेवाड़ी जिला जेल में बंद है। उसे रेवाड़ी साइबर पुलिस ने एक पूर्व सैनिक और उसकी पत्नी को 52 दिन तक हाउस अरेस्ट कर साइबर ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से वह जेल में बंद है।

गुरुवार शाम को मनोज ने जेल में सैनिटाइजर पी लिया। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसकी जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।

जेल सुपरिटेंडेंट रेशम सिंह ने बताया कि हवालाती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह मानसिक रोगी है। उसका जेल से बाहर अस्पताल में भी इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम को उसने सैनिटाइजर पी लिया था, जिसके बाद उसे ट्रॉमा सेंटर भेजा गया और वहां से रोहतक रेफर कर दिया गया। सदर थाना एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि बीती रात हवालाती के कुछ पीने की सूचना मिली थी। वह फिलहाल पीजीआई रोहतक में उपचाराधीन है और उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला